मेरठ। जहां एक तरफ प्रशासन जिला कारागार में सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद होने का दावा करता रहा है। वहीं, सरधना थाना क्षेत्र से अपनी बेटी की हत्या के मामले में जेल गए आरोपी ने जेल से ही अपनी बीवी को फोन पर धमकी देकर अधिकारियों के दावों की पोल खोल दी है। दहशतजदा महिला ने मंगलवार को एसएसपी ऑफिस पहुंचकर सुरक्षा की गुहार लगाई है।
फलावदा थाना क्षेत्र के अमरौली की रहने वाली मोहसीना अपने पिता के साथ एसएसपी ऑफिस पहुंची। मोहसीना ने आरोप लगाया कि सरधना निवासी उसके शौहर सलमान उर्फ सल्लू ने बीती 14 जून की रात उसकी मासूम बेटी इकरा की सरधना स्थित गंग नहर में फेंक कर हत्या कर दी थी। घटना के पांच दिन बाद इकरा का शव नहर से बरामद हुआ। पीडि़ता का आरोप है कि सलमान ने इससे पहले उसकी अन्य दो बेटियों का भी कत्ल किया था। पीडि़ता का कहना है कि इकरा की हत्या के मामले में फिलहाल उसका शौहर सलमान उर्फ सल्लू जेल में है।
पीडि़ता के पिता मकसूद ने बताया कि 22 जून की शाम उसकी बेटी के मोबाइल पर अनजान नंबर से कॉल आई। कॉल उठाने पर दूसरी तरफ से उसके दामाद सलमान की आवाज आई। जेल से कॉल कर रहे सलमान ने मोहसीना को धमकी दी कि अगर वह उससे जेल में मिलाई पर नहीं आई और जल्द ही उसकी जमानत नहीं कराई तो वह बाहर आकर मोहसिना और उसके बेटे का भी कत्ल कर देगा। दहशत में आई पीडि़ता ने कप्तान से सुरक्षा की गुहार लगाई है।







