सोनभद्र। बभनी थाना क्षेत्र के एक गांव की दो किशोरियों के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। घटना चार दिन पहले की है। दोनों जंगल में लकड़ी बीनने गई थीं। रविवार को तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। एक गांव की दो किशोरियां गुरुवार को जलावनी लकड़ी लेने शीशटोला के जंगल में गई थीं। उसी समय दो युवक वहां पहुंच गए। दोनों ने किशोरियों से दुष्कर्म किया।
पीड़ित किशोरियों ने घर आकर परिजनों को आपबीती बताई। घरवालों ने युवकों के परिजनों से शिकायत की तो वे मामला सुलझाने में लग गए, मगर सफल नहीं हुए। रविवार को एक किशोरी के भाई ने बभनी थाने में दोनों युवकों के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने दोनों युवकों पर पॉक्सो, दुष्कर्म सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। प्रभारी निरीक्षक सदानंद राय ने बताया कि दोनों आरोपी हरिचरण और अमीर सिंह को रंपाकुरर तिराहे से सोमवार की सुबह गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ के बाद चालान कर दिया गया।







