ग्रेटर नोएडा। सनसनीखेज खबर सामने आई है। यहां एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। इस दौरान हमलावरों से एक बच्चा युवक को छोड़ने के लिए गिड़गिड़ाता रहा लेकिन हमलावरों ने एक न सुनी। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार, ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक-3 थाना इलाके में सोमवार की रात सीएनजी पंप पर लाइन में लगने को लेकर विवाद हो गया। इस पर फॉर्च्यूनर सवार तीन हमलावरों ने गाजियाबाद के अमन कसाना (22) की लाठी डंडों से पीट-पीट कर हत्या कर दी।
इस दौरान अमन कसाना के साथ एक बच्चा भी था। वह हमलावरों के सामने हाथ जोड़ता रहा और गिड़गिड़ाता रहा कि अमन को छोड़ दें लेकिन हमलावरों का दिल नहीं पसीजा। पुलिस ने दो आरोपी अजय उर्फ अज्जू और उसके साथी ऋषभ को गिरफ्तार कर लिया गया है। तीसरे आरोपी अंकुश की तलाश की जा रही है। आरोपियों की गाड़ी और खून लगा डंडा भी बरामद कर लिया है। जानकारी के अनुसार, गाजियाबाद के गांव रिस्तल निवासी अमन कसाना सोमवार को गांव बिसरख में अपनी बुआ के यहां पर आया था। वह सोमवार की रात को खेड़ा चौगानपुर के गौतमबुद्ध बालक इंटर कालेज के पास स्थित सीएनजी पंप पर अपनी कार में सीएनजी डलवाने आया था।
यहां पर लाइन में लगने को लेकर हमलावरों से विवाद हो गया। इसी विवाद में हमलावरों ने अमन कसाना पर लाठी डंडों से सिर पर प्रहार कर बुरी तरह घायल कर दिया। मारपीट कर हमलावर अमन को अधमरा छोड़ गए। घायल अवस्था में उसे अस्पताल ले जाया गया, वहां पर उसने दम तोड़ दिया। परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने इस हत्याकांड में खैरपुर गुर्जर निवासी अजय उर्फ अज्जू और उसके साथी खेड़ा चौगानपुर निवासी ऋषभ को गिरफ्तार कर लिया है। तीसरे आरोपी चौगानपुर निवासी अंकुश की पुलिस तलाश कर रही है।







