मुरादाबाद। कटघर क्षेत्र में एक युवक ने शादी से इन्कार करने पर युवती की रास्ते में पिटाई की। उसका मोबाइल तोड़ दिया। युवती का कहना है कि उसके कान से कम सुनाई दे रहा है। इस मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर युवक की तलाश शुरू कर दी है। पीड़िता की मां ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसकी तीन बेटियां हैं। कोई पुत्र नहीं है। उसकी एक बेटी को टीटू जोशी रास्ते में रोककर काफी समय से परेशान कर रहा था। लोकलाज के चलते वह सहन करती रही, लेकिन किसी से शिकायत नहीं की। 18 अप्रैल की सुबह टीटू ने फोन किया तो उसकी बेटी ने नहीं उठाया। इसी रात करीब 10:30 बजे युवती अपने सहेली की शादी के कार्यक्रम से अपने घर लौट रही थी।
इस बीच टीटू जोशी ने उसकी बेटी का पीछा किया। रास्ते में रोककर वह जबरदस्ती बेटी को अपने साथ चलने के लिए कहा, लेकिन उसने इन्कार कर दिया। इसके बाद गाली देकर टीटू ने मेरी बेटी की पिटाई की। शोर मचाने पर लोगों ने बेटी को बचाया। उसने चेहरे पर तेजाब डालकर बदसूरत करने की धमकी दी है। इस मामले में मां ने एसएसपी को प्रार्थनापत्र देकर न्याय की गुहार लगाई। एसएसपी के निर्देश पर कटघर पुलिस ने छेड़खानी और अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस आरोपी युवक की तलाश कर रही है।







