नई दिल्ली। दक्षिण जिले की साइबर थाना पुलिस ने जस्ट डायल पर खुद को आरटीओ इंस्पेक्टर व एजेंट बताकर ठगी करने वाले दो जालसाजों अजय मिश्रा और सर्वेश कुमार शर्मा को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने जस्ट डायल पर ‘मिश्रा आरटीओ सर्विसेज’ के नाम से एक प्रोफ़ाइल बनाई थी। पीड़ित यहां से नंबर लेकर आरोपियों को फोन करते थे तो ये खुद को आरटीओ एजेंट के रूप में प्रस्तुत करके धोखाधड़ी करते थे। शुरुआती जांच में ये बात सामने आ रही है कि आरोपी दिल्ली, यूपी समेत एनसीआर में 100 से ज्यादा लोगों से ठगी कर चुके हैं।
दक्षिण जिला पुलिस उपायुक्त अंकित चौहान ने बताया कि एक पीड़ित ने दक्षिण जिले के साइबर थाना पुलिस स्टेशन में 11 मई, 2022 को आरटीओ, सराय काले खां, नई दिल्ली को एक अनुरोध भेजकर अपने वाहन के संबंध में डुप्लीकेट एनओसी जारी करने का अनुरोध किया था। इसके बाद 15 मई को 22 को उनके पास एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया। उसने खुद को जनकपुरी स्थित आरटीओ कार्यालय में क्लर्क बताया। आरोपी ने पीड़ित से कहा कि वह डुप्लीकेट एनओसी जारी करने के संबंध में उसकी मदद कर सकता है। काम करने के एवज में उसने एनओसी रद्दीकरण शुल्क के रूप में 7500 रुपये मांगे। कुछ समय बाद शिकायतकर्ता को एक अन्य व्यक्ति का फोन आया। उसने खुद को आरटीओ इंस्पेक्टर बताया।







