नई दिल्ली। मोती नगर इलाके में पांच लाख की उगाही के लिए पड़ोसी युवक ने चार साल की बच्ची को अगवा कर उसकी हत्या कर दी। सीसीटीवी कैमरे और तकनीकी जांच के जरिए पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर बच्ची का शव उसके कमरे से बरामद कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अगवा कर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।
पुलिस मामले की जांच कर ही रही थी कि मंगलवार सुबह बच्ची के पिता के एक पड़ोसी के पास फिरौती को लेकर फोन आया। आरोपी ने बच्ची के उसके कब्जे में होने की बात कही और बतौर फिरौती पांच लाख रुपये की मांग की। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी जांच शुरू की। तकनीकी जांच में पड़ोस में रहने वाले 30 साल के युवक अजीत पर पुलिस को शक हुआ। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। लेकिन वह पुलिस को गुमराह करने की कोशिश करता रहा। पुलिस ने उसका इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों से सामना कराया। इसके बाद आरोपी ने अपना गुनाह कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी के निशानदेही पर बच्ची का शव उसके कमरे से बरामद कर लिया।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी बच्ची के पड़ोस में रहता था और एक फैक्टरी में मजदूरी करता था। आशंका जताई जा रही है कि आरोपी ने बच्ची के साथ दुष्कर्म भी किया है। हालांकि पुलिस का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट आने की बाद ही इस बात की पुष्टि होगी।







