सुल्तानपुर। महिला सहायक अध्यापक ने सिपाही समेत दो नामजद व अज्ञात लोगों पर एफआईआर दर्ज कराया है। उनका आरोप है स्कूल से छुट्टी के बाद घर वापस जाते समय रास्ते में आरोपियों ने उनके साथ अश्लीलता, मारपीट व गाली-गलौज की। पुलिस ने अश्लीलता करने आदि गंभीर धाराओं में केस दर्जकर विवेचना शुरू कर दी है। ये पूरा मामला हलियापुर थानाक्षेत्र का है। स्थानीय थानाक्षेत्र के एक सरकारी स्कूल में तैनात सहायक अध्यापिका लखनऊ से कार से ड्यूटी पर आती हैं।
वे सुबह ड्यूटी पर पहुंचती हैं और दोपहर बाद स्कूल बंद होने पर वापस लखनऊ लौट जाती हैं। आरोप है कि चार दिन पूर्व 3 बजे छुट्टी होने के बाद वे चालक के साथ वापस लखनऊ जा रही थी। उन्होंने बताया कि जब हमारी कार घोलिया कट 88.6 किमी पर पहुंची तो बिना नंबर की क्रेटा कार ने मेरी कार को ओवर टेक किया। इस पर से बाराबंकी के कुर्सी थाने पर तैनात सिपाही राजेश कुमार यादव, राम प्रताप यादव निवासी पूरे मेहरवान, शिवदाल और दो अन्य लोगों ने मेरी गाड़ी को जबरन रुकवाया।
महिला अध्यापिका ने बताया कि मुझे कार से उतरवाकर सरेआम बेइज्जत किया, अश्लीलता करते हुए मुझे मारने लगे। आरोपियों के विरुद्ध मैने सितंबर 2022 में पॉक्सो एक्ट में केस दर्ज कराया है। जिसमें चार्जशीट फ़ाइल है। उसी मामले में ये सभी आरोपी सुलह का दबाव बना रहे थे। मेरे ड्राइवर को भी आरोपियों ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए पीटा है। इस मामले में एसओ प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि शिक्षिका की तहरीर पर केस दर्ज किया गया है। विवेचना प्रचलित है, साक्ष्य के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।







