नई दिल्ली। नरेला इलाके में भतीजे की हत्या के चश्मदीद गवाह चाचा पर बदमाशों ने चाकू से हमला कर दिया। बुरी तरह घायल राजेश को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित ने भतीजे की हत्या में शामिल आरोपियों पर हमला करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने हत्या का प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।
घायल राजेश (47) सपरिवार नरेला इलाके में रहते हैं। पुलिस ने बताया कि शुक्रवार तड़के करीब तीन बजे रामलीला मैदान के पास एक शख्स को चाकू मारने की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घायल राजेश को पुलिस पास के अस्पताल ले गई। उसके शरीर पर तीन चार जगहों पर चाकू के घाव थे। पूछताछ में राजेश ने बताया कि घटना के समय वह नरेला रामलीला मैदान के पास से पैदल ही अपने घर आ रहा था। इसी दौरान बाइक से आए तीन हमलावरों ने उसपर हमला कर दिया।
उन्होंने बताया कि पिछले साल बदमाशों ने उसके भतीजे की हत्या कर दी थी। इस मामले का वह चश्मदीद गवाह था। उसने आरोप लगाया कि जमानत पर आने के बाद से हत्यारोपी उसे गवाही देने से मना कर रहा था। वह गवाही देने पर लगातार जान से मारने की धमकी दे रहा था। उन्हीं आरोपियों ने उनपर हमला किया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि पीड़ित पर भी दो आपराधिक मामले दर्ज हैं।







