प्रतापगढ़। पट्टी थाना क्षेत्र के पट्टी बाईपास रोड पर सुबह फर्नीचर कारोबारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात को उस समय अंजाम दिया गया जब व्यापारी अपने बेटे को स्कूल छोड़ने के लिए जा रहा था। अज्ञात बदमाशों ने बाईपास रोड पर बेटे के सामने ही पिता को गोलियों से छलनी कर दिया। दुस्साहसिक तरीके से घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गए। घटना के इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई जगह पर नाकेबंदी की, लेकिन उनका कुछ सुराग नहीं लगा। सीएचसी पर परिजन नागरिकों के साथ शव लेकर बैठ गए हैं। घटना से आक्रोशित व्यापार मंडल ने बंद का आह्वान किया है।
पट्टी कस्बे के चिकपट्टी रहने वाले मोहम्मद नईम इदरीसी (50) पुत्र मोहम्मद राजा की बृहस्पतिवार को गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना को पट्टी बाईपास पर अंजाम दिया गया। नईम अपने बेटे मोहम्मद सैफ को स्कूल छोड़ने के लिए बाइक से भारत सिंह इंटर कॉलेज जा रहे थे। बाईपास के पास पहुंचते ही अज्ञात बदमाशों ने ओवरटेक कर उन्हें रोक लिया और बेटे के सामने ही मोहम्मद नईम को गोलियों से छलनी कर दिया। नईम की मौके पर ही मौत हो गई। जब तक लोग कुछ समझ पाते बदमाश भाग निकले। आससपास के लोग तत्काल नईम को पट्टी सीएचसी ले गए।
जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया घटना के बाद बाजार में आक्रोश फैल गया और सभी दुकानें बंद हो गईं। व्यापारी सीएचसी पर डंटे हुए हैं और पुलिस को शव कब्जे में लेने से मना कर रहे हैं। पुलिस की कई टीमें मौके पर पहुंच गई हैं। फिलहाल हमलावरों का कोई सुराग नहीं लगा है। नईम को गोली सीने में मारी गई है।







