दिल्ली। गाजीपुर इलाके में मामूली कहासुनी के बाद एक युवक को बेरहमी से चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। पीड़ित को एलबीएस अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की शिनाख्त धर्मेंद्र (30) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसका शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है। हत्या का मामला दर्ज कर पुलिस ने आरोपी शीशपाल को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि कहासुनी के बाद गुस्से में उसने वारदात को अंजाम दिया है।
धर्मेंद्र परिवार के साथ गाजीपुर डेयरी फॉर्म में रहता था। इसके परिवार में पिता हरीश चंद्र के अलावा अन्य सदस्य हैं। धर्मेंद्र बकरा मंडी में काम करता था। मंगलवार दोपहर को वह काम पर मौजूद था। इस बीच वहीं पर काम करने वाले आरोपी शीशपाल से उसकी कहासुनी हो गई। इस दौरान आरोपी ने मीट काटने वाले चाकू से अचानक धर्मेंद्र पर हमला कर दिया। आरोपी ने एक के बाद एक करीब सात से आठ वार धर्मेंद्र पर कर दिए। लोगों ने आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया। बाद में मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पीसीआर की मदद धर्मेंद्र को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। सूचना मिलने के बाद मौके पर क्राइम टीम के अलावा एफएसएल को बुला लिया गया। मौके से साक्ष्य जुटाने के बाद गाजीपुर थाने में हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।







