प्रतापगढ़। घर के कमरे में युवती ने फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया। जानकारी होते ही परिजन उसे इलाज के लिए अस्पताल ले गये। सांगीपुर थाना क्षेत्र के पूरे टीकाराम भगौरा गांव की निशा यादव 30 पुत्री पवन कुमार यादव ने रात अज्ञात कारणों से आत्महत्या का असफल प्रयास किया। परिजनों के अनुसार रात में खाना खाने के बाद सभी लोग सोने चले गये। इसी बीच निशा ने अपने कमरे में पंखे के सहारे फांसी का फंदा लगा लिया।
लेकिन गले में फंदे का कसाव होते ही वह चीखने लगी। शोरगुल सुनकर घर के लोग भागकर पहुंचे और उसे फांसी के फंदे से नीचे उतारा और इलाज के लिए सांगीपुर सीएचसी ले गये। यहां हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने उसे प्रयागराज रेफर कर दिया। एसओ मनीष त्रिपाठी ने घटना की जानकारी से इंकार किया है।







