मुरादाबाद। युवती ने युवक से शादी करने से इनकार किया तो आशिक ने युवती पर ईंट से हमला कर दिया। इस मामले में मझोला पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया है। मझोला के क्षेत्र नया गांव फाजलपुर निवासी युवक पड़ोस की युवती से प्यार करता है। युवक का प्यार इतना परवान चढ़ा कि वह युवती से शादी करने की जिद करने लगा। युवती ने शादी से इनकार कर दिया। उसने कहा कि अभी भाई की शादी होने के बाद अपनी शादी के बारे में सोचेगी। इसी बात को लेकर युवक को गुस्सा आ गया। वह युवती को घर से भागने के लिए कह रहा था लेकिन युवती इसके लिए तैयार नहीं थी।
गुस्से में आकर आशिक ने युवती पर ईंट से हमला कर दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया है। घायल युवती का पुलिस ने मेडिकल परीक्षण कराया। इस मामले में युवती की मां ने पुलिस को तहरीर दी है। घायल युवती की मां ने बताया आरोपी लक्ष्मण शराबी है। ऐसे में वह अपनी बेटी की शादी उसके साथ कैसे कर सकती है। युवती का भी कहना है कि यदि वह उसके साथ चली गई तो घरवालों की काफी बदनामी होगी।







