कानपुर। घाटमपुर कोतवाली के एक गांव में बुधवार रात को पेड़ से लटककर जान देने वाली फुफेरी बहनों ने भट्ठा ठेकेदार के बेटे और भांजे की करतूत से तंग आकर यह कदम उठाया है। मंगलवार को दोनों युवकों ने उन्हें बहाने से शराब पिलाई और दुष्कर्म किया। इसके बाद वीडियो भी बना लिया। जानकारी के बाद परिजनों ने विरोध किया, तो ठेकेदार ने दोनों किशोरियों व परिवार से मारपीट की और वीडियो वायरल करने की धमकी दी। इसी से आहत दोनों किशोरियां एक ही दुपट्टे से फंदा लगाकर लटक गईं। पुलिस ने ठेकेदार, उसके बेटे व भांजे के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म, मारपीट, धमकी, पाक्सो एक्ट में रिपोर्ट दर्ज कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया है।
मूलरूप से हमीरपुर के एक गांव के रहने वाले दो परिवार चार माह पहले ही यहां ईं-भट्ठे में काम करने आए थे। दोनों परिवारों के मुखिया आपस में जीजा-साले थे। इन्हीं के गांव के 19 परिवार भी पहले से यहां काम करते और रहते थे। मंगलवार को भट्ठा मालिक ने सबका हिसाब किया था। इसके बाद भट्ठे पर काम करने वाले ज्यादातर लोग घाटमपुर बाजार चले गए थे। दोनों फुफेरी बहनें, ठेकेदार रामरूप का बेटा रज्जू और भांजा संजय भट्ठे पर ही थे। पीड़ित परिवार का आरोप है कि ठेकेदार के बेटे और भांजे ने दोनों किशोरियों को बहला-फुसलाकर शराब और बीड़ी पिलाई। इसके बाद सामूहिक दुष्कर्म कर वीडियो बना लिया। किशोरियों का वीडियो बनाए जाने की चर्चा पूरे मजदूरों में फैल गई। परिजनों ने जब इसकी शिकायत ठेकेदार रामरूप से की, तो ठेकेदार ने परिवार संग मिलकर किशोरियों और परिवार वालों से मारपीट की। वीडियो वायरल करने की धमकी भी दी। इससे क्षुब्ध होकर दोनों किशोरियों ने जान दे दी।







