उन्नाव। मौरावां थानाक्षेत्र के एक गांव में तीन नाबालिगों पर मोहल्ले में ही रहने वाली सात साल की बच्ची से सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाया था। बच्ची की मां की तहरीर पर पुलिस ने तीनों आरोपी बच्चों पर सात दिन बाद रिपोर्ट दर्ज की है। मौरावां थानाक्षेत्र के एक गांव में सात फरवरी को पड़ोसी बच्चों के साथ खेल रही सात साल की बच्ची के साथ समूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया था। जिन पर आरोप लगा था उनमें दो सगे भाई हैं। आरोपियों की उम्र 13 , 11 और नौ साल है। बच्ची की मां ने आठ फरवरी को पुलिस चौकी में तहरीर दी थी।
जानकारी पर एसओ भवन सिंह मौर्य ने जांच की थी। आरोपी बच्चों के अलावा अन्य बच्चों और मोहल्ले के लोगों से पूछताछ की थी। जांच में बच्चों के आपस में खेलने की बात सामने आई थी। पीड़ित बच्ची की मां बेटी का मेडिकल कराने को तैयार नही हुई। मामले ने तूल पकड़ा तो पुलिस ने पूर्व में दी गई तहरीर के आधार पर तीनों आरोपी बच्चों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म, पॉक्सो और अनुसूचित जाति उत्पीड़न की रिपोर्ट दर्ज की है। थानाध्यक्ष ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज की गई है। अब बच्ची का डॉक्टरी परीक्षण कराना अनिवार्य है। आज बच्ची को बुलाकर मेडिकल कराया जाएगा।







