बरेली। पत्नी ने दहेज उत्पीड़न से परेशान होकर पति के खिलाफ दहेज एक्ट की रिपोर्ट दर्ज करा दी। इससे बौखलाया पति पत्नी के अश्लील फोटो और वीडियो वायरल करने लगा। अब पीड़िताने एक और रिपोर्ट दर्ज कराई है। बारादरी इलाके में रहने वाली महिला का विवाह नवाबगंज थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक से हुआ था। शादी के बाद दहेज की मांग करते हुए पति उसका उत्पीड़न करने लगा। उत्पीड़न से परेशान होकर महिला ने युवक के खिलाफ दहेज एक्ट की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
इससे बौखलाया युवक अपनी पत्नी से रंजिश मानने लगा। आरोप है कि उसने पत्नी के फोटो और वीडियो अश्लील बनाकर वायरल करने की धमकी दी। पत्नी ने उसकी धमकी पर ध्यान नहीं दिया तो पति ने महिला के भाई को उसके अश्लील फोटो और वीडियो भेज दिए। विवाहिता का आरोप है कि पति ने धमकी दी कि मुकदमा वापस नहीं लिया और उसे पांच लाख रुपये की रंगदारी न दी तो वह इन फोटो व वीडियो को और वायरल कर देगा। महिला की शिकायत पर बारादरी थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है।







