दिल्ली- एनसीआर। वेलकम में शादी के दौरान रंजिश में दो युवकों को गोली मारने की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस ने इस संबंध में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान मनीष शर्मा (21), करन सिंह (29) और साजन मनीष (32) के रूप में हुई है। हत्या के मामले में पुलिस को सोनू चावला की तलाश है। पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल पिस्टल व दो कारतूस बरामद कर लिए हैं। पुलिस ने गुरुवार तीनों को अदालत में पेश किया, जहां से इनको एक दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।
उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त डॉ. जॉय टिर्की ने बताया कि चार फरवरी को वेलकम झील पार्क में संजय की बेटी का विवाह था। वहां पर वेलकम निवासी सुमित (29) और रिश्तेदार बुराड़ी निवासी राहुल (38) पहुंचे थे। इस बीच वहां आरोपियों ने पहले सुमित की पिटाई की। बाद में अक्षत ने पिस्टल निकालकर गोली चला दी। एक गोली सुमित की गर्दन को छूती हुई निकली, जबकि दूसरी गोली राहुल के सीने में जा लगी। इलाज के दौरान बुधवार को राहुल की मौत हो गई। अब पुलिस ने गोली चलाने के आरोप में तीनों को दबोच लिया हैं। चौथे आरोपी सोनू चावला की पुलिस को तलाश है। छानबीन के दौरान पुलिस को पता चला कि करन और सुमित के बीच रंजिश थी।







