नई दिल्ली। संगम विहार में मामूली रूप से बाइक छूने पर 17 साल के किशोर ने मंगलवार रात अजरुद्दीन (30) की चाकू से पांच वार कर हत्या कर दी। नेबसराय थाना पुलिस ने 100 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर आरोपी को पकड़ लिया।दक्षिण जिला पुलिस उपायुक्त अंकित चौहान ने बताया कि सुबह 6:15 बजे एक युवक के एकता चौक, अस्थल मंदिर रोड पर घायलावस्था में पड़े होने की सूचना मिली थी। पीसीआर कर्मियों ने घायल अजरुद्दीन को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शरीर पर चाकू के पांच घाव थे।
मूलरूप से देहरा, सियाना, बुलंदशहर निवासी अजरुद्दीन एल-1, संगम विहार में रहता था। हत्या का मामला दर्ज कर नेबसराय थानाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह राणा की देखरेख में इंस्पेक्टर मंजीत, एसआई अजीत, हवलदार विक्रम यादव व समुंद्र की टीम ने जांच शुरू की। विक्रम यादव ने इलाके में 100 से ज्यादा सीसीटीवी की फुटेज खंगाली। इसके बाद आरोपी की पहचान कर दबोच लिया गया।







