नई दिल्ली। उत्तरी जिले के कश्मीरी गेट इलाके में 19 जनवरी को हुई युवक की हत्या की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। इस संबंध में मृतक के दोस्त को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी की पहचान राजेश कुमार के रूप में हुई है। दरअसल मृतक प्रमोद कुमार शुक्ला उर्फ गुड्डू (40) आरोपी के साथ अप्राकृतिक संबंध बनाना चाहता था। परेशान होकर राजेश ने प्रमोद की हत्या की योजना बनाकर नशे की हालत में उसे पीटा। बाद में उसके प्राइवेट पार्ट पर लात मारने के बाद उसके सिर पर पत्थरों से वार किए। इसके बाद उससे 18500 रुपये लूटकर फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी को पटना बिहार से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से लूटी गई रकम से खरीदा गया मोबाइल, लूटी गई रकम के साढ़े 12 हजार रुपये, मृतक के जूते और मोबाइल खरीदने की बिल बरामद किया है।
पुलिस ने टेक्निकल सर्विलांस की मदद से जांच की। इस बीच लोकल इंटेलिजेंस से पुलिस को पता चला कि 17 जनवरी की रात को प्रमोद को उसके दोस्त राजेश के साथ देखा था। छानबीन में पता चला कि दोनों का उस दिन झगड़ा भी हुआ था। पुलिस ने सीडीआर की मदद से आरोपी राजेश को 26 जनवरी को पटना, बिहार से दबोच लिया। उसे दिल्ली लाया गया। पूछताछ के दौरान राजेश ने बताया कि वह भी रैन बसेरा में प्रमोद के साथ रहता था। आरोपी उसके साथ अप्राकृतिक संबंध बनाना चाहता था। 17 जनवरी की रात को प्रमोद और राजेश ने एक साथ बीयर पी। इसके बाद प्रमोद उसके साथ जबरदस्ती करने लगा। गुस्से में आकर राजेश ने उसकी हत्या कर दी और फरार हो गया।







