यूपी। मेरठ में बैंक के जूनियर मैनेजर की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी लगने पर पुलिस अधिकारियों में भी हड़कंप मच गया। वहीं, मौके पर पहुंची पुलिस ने मैनेजर के शव को नाले से निकाला और कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने जूनियर मैनेजर का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए एक करीबी दोस्त को हिरासत में लिया है। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है। माना जा रहा है कि किसी करीबी ने ही वारदात को अंजाम दिया है। जल्द ही जूनियर मैनेजर की मौत का राज सामने आएगा। पुलिस के अनुसार, सहकारी बैंक के जूनियर मैनेजर गंगानगर एच ब्लॉक निवासी कामेश्वर सिंह (45) का शव गंगानगर क्षेत्र में स्थित गंगा धाम कॉलोनी के पीछे नाले में पड़ा मिला। इससे कॉलोनी में हड़कंप मच गया। इस दौरान घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।







