मुरादाबाद। ठाकुरद्वारा थाना क्षेत्र के मुड़िया खेड़ा गांव में रविवार रात शादी समारोह में डीजे पर डांस करने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। कहासुनी के बाद रात में ही दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। इसके बाद सोमवार सुबह भी दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और दोनों के बीच जमकर लाठी-डंडे व धारदार हथियार चले। जिसमें दोनों पक्ष के चार लोग घायल हो गए। गांव मुड़िया निवासी केवल की शादी उत्तराखंड के लालकुआं निवासी लड़की से तय हुई है। सोमवार को बरात जाने से एक दिन पहले रविवार शाम को दूल्हे के घर पर मढ़े का कार्यक्रम था। इसमें गांव के लोगों के अलावा कुछ मेहमान भी आए थे।
रात करीब 10 बजे समारोह में लगे डीजे पर दूल्हे के रिश्तेदार और कुछ ग्रामीण डांस कर रहे थे। डांस करते समय एक युवक मेहमान के ऊपर गिर गया। इससे ग्रामीणों और रिश्तेदारों में कहासुनी शुरू हो गई। जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले। वहीं कुछ लोग कुल्हाड़ी और सरिये भी लेकर आए और हमला कर दिया। हालांकि कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने दोनों पक्षों को शांत कराकर घर भेज दिया, लेकिन सोमवार सुबह फिर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और फिर दोनों पक्षों के बीच मारपीट हो गई।
इसमें एक पक्ष के गांव निवासी मुकेश व विक्रम सिंह और दूसरे पक्ष के उत्तराखंड के गदरपुर के गांव दलपुरा निवासी राजू व उसके चाचा कश्मीरी लाल घायल हो गए। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने दोनों पक्षों के घायलों का सरकारी अस्पताल में मेडिकल कराया। इसके साथ ही जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है। उधर, मारपीट की घटना के बाद परिजन कुछ ही लोगों के साथ सोमवार को केवल की बरात लेकर उत्तराखंड के लालकुआं गए।







