चंडीगढ़। सारंगपुर थाना क्षेत्र में आने वाले गांव धनास में एक युवक ने अपने भाई की हत्या कर दी। वारदात रविवार रात लगभग 3 बजे की बताई जा रही है। पुलिस ने मामले में हत्यारोपी छोटे भाई जसपाल सिंह उर्फ भूरा को गिरफ्तार कर दिया है। आरोप के मुताबिक उसने अपने बड़े भाई अमरजीत सिंह उर्फ गोगा की हत्या कर दी। दोनों भाइयों की मां शिंदरो ने चंडीगढ़ पुलिस को घटना की शिकायत दी। इसके बाद सारंगपुर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पता चला है कि पकड़े गए आरोपी को दौरे पड़ रहे हैं, जिसकी वजह से उसे सेक्टर 16 के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। महिला का कहना है कि उनके पांच बच्चे हैं जिनमें तीन बेटे और दो बेटियां हैं। बीती रात घटना के वक्त उसके दोनों बेटे शराब पी रहे थे। इसी दौरान किराएदार से 100 रुपये लेने की बात पर अमरजीत ने छोटे भाई को कुछ कहा जिसके बाद उन दोनों में बहस शुरू हो गई।
इसके बाद अमरजीत ने शिकायतकर्ता की मां के प्रति गलत शब्दों का प्रयोग किया जिसका छोटे भाई जसपाल ने विरोध किया। बहसबाजी बढ़ने पर छोटे भाई ने बड़े भाई को पकड़कर जमीन पर गिरा दिया। सिर पर लगी गंभीर चोट की वजह से अमरजीत की जान चली गई। घटनास्थल पर शिकायतकर्ता महिला ने पुलिस को बुलाया था इसके बाद घायल को पीजीआई पहुंचाया गया जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस इस सारी घटना की जांच में लगी हुई है। फिलहाल हत्या की धारा के तहत मामला दर्ज किया गया है।







