उत्तर प्रदेश। टीपीनगर थाना क्षेत्र में नई बस्ती शिवपुरम रेलवे फाटक पर एक महिला ने ट्रेन के सामने कूदकर जान दे दी। महिला ने चार माह पूर्व ही प्रेम विवाह किया था। पुलिस को उससे पास से सुसाइड नोट भी मिला है। इस पर पति के नाम के साथ आई लव यू लिखा है। महिला ने अगले जन्म में भी उसी की पत्नी बनने की इच्छा जताई है।
शिवपुरम निवासी नैना ने चार महीने पहले ही मूर्ति बनाने वाले नई बस्ती निवासी ऋतिक से प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद नैना के परिजनों ने उससे रिश्ता तोड़ लिया था। मंगलवार सुबह साढ़े सात बजे नैना शिवपुरम रेलवे फाटक पर पहुंची। इसी दौरान वह सहारनपुर की ओर से आ रही ट्रेन के सामने कूद गई। ट्रेन से उसका शरीर कई टुकड़ों में बिखर गया। आसपास के लोगों ने पुलिस को फोन पर जानकारी दी। जीआरपी व टीपीनगर थाने की पुलिस पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू की।







