पुलिस के मुताबिक, पीड़ित बच्ची चौथी कक्षा में पढ़ती है और अपने परिवार के साथ इस्माइल खान पार्क के नजदीक रहती है। मंगलवार को वह रोजाना की तरह स्कूल गई थी। स्कूल से छुट्टी होने के बाद उसे पार्क के दूसरी ओर स्थित अपने मामा के घर जाना था। इसी दौरान पार्क में मौजूद आरोपी ने उसे रोक लिया। बातचीत के बहाने वह बच्ची को पार्क के एक सुनसान हिस्से में झाड़ियों के पीछे ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया।
घटना के दौरान बच्ची ने शोर मचाया तो पार्क में मौजूद लोगों का ध्यान उसकी ओर गया। आवाज सुनकर कई लोग मौके पर पहुंचे और आरोपी को पकड़ लिया। इसके बाद उसे पार्क के निजी सुरक्षा गार्ड के सुपुर्द कर दिया गया। सूचना मिलने पर भारत नगर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को हिरासत में लिया। मामले में दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
डीसीपी उत्तर-पश्चिम जिला आकांक्षा यादव के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान 40 वर्षीय राजेश के रूप में हुई है। वह चंद्रावल नगर का निवासी है और पेशे से कारपेंटर है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी नशे का आदी है। पूछताछ में उसने बच्ची की हत्या करने की मंशा होने की बात भी स्वीकार की है।
जांच में सामने आया कि आरोपी पहले भी नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में दोषी ठहराया जा चुका है। स्वरूप नगर थाना क्षेत्र में दर्ज पुराने मामले में उसे सात साल की कैद हुई थी। सजा पूरी करने के बाद वह कुछ महीने पहले ही जेल से बाहर आया था। आरोपी की आपराधिक गतिविधियों के चलते उसके परिजनों ने भी उसे घर से निकाल दिया था।
दिल्ली के पार्कों में महिलाओं और नाबालिगों की सुरक्षा को लेकर यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले 21 सितंबर को कालकाजी मंदिर के पास स्थित आस्था कुंज पार्क में तीन युवकों ने पुलिसकर्मी बनकर 17 वर्षीय किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म और लूटपाट की थी।
उस घटना के बाद पुलिस की ओर से राजधानी के पार्कों में महिला पुलिसकर्मियों की गश्त बढ़ाने, सीसीटीवी कैमरे लगाने और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने जैसे कदम उठाने की बात कही गई थी। इसके बावजूद इस्माइल खान पार्क में दिनदहाड़े हुई घटना ने एक बार फिर सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है।







