मेरठ। नौचंदी थाना क्षेत्र के शास्त्रीनगर में एक बीमा कंपनी से सेवानिवृत्त अधिकारी ने घर में काम करने वाली महिला की नाबालिग पुत्री के साथ घिनौनी हरकत की। पीड़िता ने मौका पाकर आरोपी का वीडियो बनाया। इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई नहीं की तो पीड़िता के साथ उसकी मां एसएसपी कार्यालय पहुंची और शिकायत की। आरोपी का वीडियो भी पुलिस को सौंपा गया।
एसएसपी कार्यालय पहुंची पीड़िता की मां ने बताया कि वह घरों में साफ-सफाई करती है। शास्त्रीनगर में सेवानिवृत्त अधिकारी के घर पर भी काम किया। कभी-कभी वह कक्षा-8 में पढ़ रही अपनी बेटी को भी साथ ले जाती थी।
आरोप है कि सेवानिवृत्त अधिकारी ने कई बार उसकी पुत्री के साथ अकेला पाकर घिनौनी हरकत की। उसकी पुत्री ने विरोध किया तो आरोपी ने किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। वह पुत्री के साथ थाने जा रही थी तो आरोपी ने उनका पीछा किया और थाने नहीं जाने दिया। वह अगले दिन नौचंदी थाने पहुंची और घटना की तहरीर दी। इसके साथ ही आरोपी का एक वीडियो भी पुलिस को दिखाया।
आरोप है कि इसके बावजूद पुलिस ने कार्रवाई नहीं की है। अब आरोपी उन पर लगातार समझौते का दबाव बनाते हुए धमकी दे रहा है। पीड़िता की शिकायत सुनकर सीओ ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है।







