सहारनपुर- सहारनपुर के सदर बाजार कोतवाली क्षेत्र के हकीकत नगर में शुक्रवार को एक महिला की गोली लगने से मौत हो गई। मृतका की पहचान सविता के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उसने अपने पति की सर्विस राइफल से खुद को गोली मार ली। घटना के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।
सविता के पति टिंकू कुमार खनन विभाग में गनर के पद पर तैनात हैं और मूल रूप से मेरठ के हस्तिनापुर क्षेत्र के रहने वाले हैं। वह पिछले करीब दो-तीन वर्षों से पत्नी और दो बेटियों के साथ हकीकत नगर में किराये के मकान में रह रहे थे।
शुक्रवार को अचानक गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग और परिजन मौके पर पहुंचे। सूचना मिलने पर एसएसपी अभिनंदन सिंह और एएसपी मनोज कुमार यादव भी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। फिलहाल महिला के आत्महत्या करने के कारणों का पता नहीं चल पाया है







