रेवाड़ी। गांव साबन में गुरुवार को एक पुराने और गहरे कुएं से करीब 35 वर्षीय युवक का शव मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। शव कई दिनों से कुएं में पड़ा होने की आशंका है, जिसके चलते वह काफी क्षत-विक्षत हो चुका था। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है।
ग्रामीणों को बुधवार शाम गांव के पुराने कुएं में शव होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। अंधेरा होने और कुएं की गहराई अधिक होने के कारण रात में शव को बाहर निकालना संभव नहीं हो सका।
गुरुवार सुबह पुलिस टीम दोबारा मौके पर पहुंची और रेस्क्यू शुरू किया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद शव को कुएं से बाहर निकाला गया। खराब स्थिति के कारण मौके पर मृतक की पहचान नहीं हो सकी।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। पहचान के लिए आसपास के गांवों और क्षेत्र में जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही पुलिस ने हाल में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों को भी खंगालना शुरू कर दिया है।
पुलिस का कहना है कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है।







