बिहार । चिकसौरा थाना क्षेत्र के गोंदुविगहा गांव में नाली और रास्ते को लेकर चल रहा विवाद गुरुवार को खूनी संघर्ष में बदल गया। दो पक्षों के बीच हुई गोलीबारी में 30 वर्षीय अजय कुमार की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
बताया जा रहा है कि अजय कुमार, गांव निवासी विजय पासवान के पुत्र थे। परिजनों के मुताबिक, तीन दिन पहले नाली और रास्ते को लेकर दोनों पक्षों की महिलाओं के बीच विवाद और मारपीट हुई थी। उस समय स्थानीय लोगों और पुलिस की पहल से मामला शांत करा दिया गया था।
गुरुवार सुबह एक बार फिर इसी मुद्दे को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर लाठी-डंडों से मारपीट होने लगी। इसी दौरान फायरिंग शुरू हो गई। गोली अजय कुमार के सीने में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़े।
स्थानीय लोगों ने उन्हें तत्काल हिलसा अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
प्रभारी डीएसपी रंजन कुमार ने बताया कि घटनास्थल पर पुलिस टीम मौजूद है और मामले की जांच की जा रही है। वहीं, चिकसौरा थानाध्यक्ष गौरव सिंधु के अनुसार, शुरुआती जांच में नाली-गली के विवाद के बाद गोलीबारी की बात सामने आई है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।







