इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर शहर से एक दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां परदेसीपुरा थाना क्षेत्र में रहने वाली मां और बेटे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया था, लेकिन उपचार के दौरान उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। प्रारंभिक जांच में जहरीला पदार्थ सेवन करने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर मौत के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
गार्डन में अचेत अवस्था में मिले मां और बेटा
पुलिस के अनुसार, 62 वर्षीय इंदिरा और उनके बेटे संजय घर के पास स्थित एक गार्डन में अचेत अवस्था में मिले थे। सूचना मिलने पर परिजन दोनों को तुरंत एमवाय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए जांच शुरू कर दी है।
बहन के परिवार के साथ रह रहे थे दोनों
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, इंदिरा के पति का कई वर्ष पहले निधन हो चुका था। इसके बाद वह अपने बेटे के साथ बहन और भतीजे के घर रह रही थीं। परिवार के अनुसार, दोनों का खर्च बहन का परिवार ही उठा रहा था, जबकि संजय भी किसी प्रकार का रोजगार नहीं करता था।
आर्थिक परेशानी और मानसिक स्वास्थ्य की भी जांच
पुलिस की शुरुआती जांच में आर्थिक तंगी को घटना की एक संभावित वजह माना जा रहा है। वहीं परिजनों ने बताया कि मां और बेटा दोनों मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्या से जूझ रहे थे और उनका इलाज इंदौर के एक अस्पताल में चल रहा था। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद दोनों परिजनों के साथ रह रहे थे।
हर पहलू से जांच कर रही पुलिस
एडिशनल डीसीपी अमरेंद्र सिंह ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है और परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस आर्थिक, पारिवारिक और स्वास्थ्य संबंधी सभी पहलुओं की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।







