दिल्ली- दिल्ली के जनकपुरी इलाके में स्थित एक निजी स्कूल में तीन वर्षीय बच्ची के साथ कथित दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने स्कूल की एक 57 वर्षीय महिला शिक्षिका को गिरफ्तार किया है। मामले में पहले ही स्कूल के केयरटेकर को हिरासत में लिया जा चुका था। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक शिक्षिका की भूमिका संदिग्ध पाए जाने के बाद यह कार्रवाई की गई।
जानकारी के अनुसार, बच्ची की मां ने 1 मई को जनकपुरी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि 30 अप्रैल को स्कूल में प्रवेश के दूसरे दिन बच्ची के साथ स्कूल परिसर में गलत हरकत की गई। घर लौटने के बाद बच्ची ने दर्द की शिकायत की और पूछताछ में केयरटेकर का नाम सामने आया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता और पॉक्सो एक्ट की धाराओं के तहत केस दर्ज किया। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी केयरटेकर को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया था, जहां उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। हालांकि बाद में स्थानीय अदालत से उसे जमानत मिल गई। पुलिस ने कहा है कि वह जमानत के खिलाफ उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाएगी।
पीड़ित परिवार ने महिला शिक्षिका पर आरोप लगाया था कि घटना के दौरान वह मौके पर मौजूद थी और उसने बच्ची की मदद नहीं की। इसके बाद पुलिस ने स्कूल के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच शुरू की। जांच के दौरान कुछ ऐसे संकेत मिले, जिनसे शिक्षिका की भूमिका संदिग्ध मानी गई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार बच्ची ने स्कूल के एक कमरे की पहचान भी की, जहां कथित रूप से उसके साथ गलत काम हुआ था। इसके बाद पुलिस ने शिक्षिका से गहन पूछताछ की और पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने अदालत से दो दिन की रिमांड मांगी थी ताकि मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा सके। अदालत ने सुनवाई के बाद शिक्षिका को एक दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।







