औरैया – उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में शुक्रवार सुबह रेलवे ट्रैक पर एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना अछल्दा और घसारा स्टेशन के बीच दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग की डाउन लाइन पर हुई, जहां ट्रैक के पास एक युवक का शव क्षत-विक्षत हालत में पड़ा मिला।
जानकारी के मुताबिक, सुबह करीब साढ़े सात बजे कीमैन ने ट्रैक के पास शव देखा और इसकी सूचना स्टेशन मास्टर को दी। सूचना मिलते ही आरपीएफ और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने युवक की तलाशी ली तो उसकी जेब से आधार कार्ड बरामद हुआ, जिसके आधार पर मृतक की पहचान 31 वर्षीय सुदीप कुमार पुत्र वीरेंद्र सिंह के रूप में हुई।
पुलिस को युवक की जेब से एक सुसाइड नोट भी मिला है। हालांकि नोट में क्या लिखा था, इसकी जानकारी अभी सार्वजनिक नहीं की गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।
थाना प्रभारी सुरेश चंद्र ने बताया कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। घटना की खबर मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया।







