नई दिल्ली। मंगोलपुरी रेलवे स्टेशन के पास सोमवार रात लूट का विरोध करने पर बदमाशों ने दो युवकों पर चाकू से हमला कर दिया। एक युवक बदमाशों की चंगुल से जान बचाकर भाग गया, लेकिन साथी वहीं गिर गया। बदमाशों ने उस पर चाकू से कई वार कर दिए। पुलिस ने घायल युवकों को संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया जहां मंजय पासवान (36) की मौत हो गई। पश्चिम विहार वेस्ट थाना पुलिस ने हत्या और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस पीड़ित के बताए हुलिए के आधार पर बदमाशों की पहचान में जुटी है।
पुलिस के अनुसार, मंजय बहादुरगढ़ में रहकर मंगाेलपुरी औद्योगिक क्षेत्र की जूते चप्पल बनाने की फैक्टरी में काम करता था। सोमवार रात करीब 9 बजे पुलिस को मंगोलपुरी रेलवे स्टेशन के पास युवक को चाकू मारे जाने की जानकारी मिली। मौके पर पुलिस को जितेंद्र मिला। वह भी चाकू लगने से मामूली रूप से घायल था। उसने बताया कि रेलवे ट्रैक के पास मंजय खून से लथपथ पड़ा है। पुलिस ने देखा कि मंजय के शरीर पर चाकू के आधा दर्जन निशान थे।
पुलिस ने क्राइम और फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर जांच करवाई। टीम ने वहां से साक्ष्य हासिल किए।जितेंद्र ने बताया कि वह मूलत: बिहार के रहने वाले हैं और बहादुरगढ़ में रहते हैं। काम खत्म करने के बाद फैक्टरी से बहादुरगढ़ जाने के लिए दोनों मंगोलपुरी रेलवे स्टेशन आ रहे थे। रेलवे ट्रैक से होकर प्लेटफॉर्म पर आने के दौरान पांच युवक उनसे लूटपाट की कोशिश करने लगे। ट्रैक पर ही उनके और आरोपियों के बीच हाथापाई होने लगी। बदमाशों ने उन पर चाकुओं से हमला किया। जितेंद्र मामूली रूप से घायल हुआ और भागकर अपनी जान बचाई।







