गुरुग्राम- गुरुग्राम में सड़क पर हुड़दंग और हिंसा का मामला सामने आया है, जहां तेज रफ्तार और नशे में धुत दो युवकों ने एक दंपति को निशाना बनाया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनके कब्जे से एक कार व अवैध हथियार भी बरामद किया है।
घटना 4 अप्रैल 2026 की बताई जा रही है। पीड़ित महिला ने शिकायत में बताया कि वह अपने पति के साथ कार से गुरुग्राम की ओर जा रही थी। मानेसर क्षेत्र के पास अचानक एक दूसरी कार ने लापरवाही से उनकी गाड़ी के पास आकर टक्कर मारने की कोशिश की। आरोप है कि कार चला रहे युवक शराब के नशे में थे और खतरनाक तरीके से वाहन चला रहे थे।
जब दंपति ने विरोध किया और गाड़ी रुकवाई, तो मामला और बिगड़ गया। आरोपियों ने महिला के पति के साथ मारपीट की और उसे पुल से नीचे धकेलने की कोशिश की। बीच-बचाव करने पर महिला के साथ भी अभद्र व्यवहार किया गया। इतना ही नहीं, आरोपियों ने अपनी कार से उन्हें कुचलने का प्रयास भी किया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना के बाद पीड़िता ने थाना मानेसर में शिकायत दर्ज कराई, जिस पर पुलिस ने तुरंत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी। कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने अगले ही दिन दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अजय (गाजियाबाद) और मनोज शर्मा (दिल्ली) के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे राजस्थान के भिवाड़ी से लौटते समय शराब के नशे में थे और इसी दौरान यह वारदात हुई। पुलिस ने उनके पास से घटना में इस्तेमाल की गई कार और एक पिस्टल भी बरामद की है, जिसे अजय ने अपने एक रिश्तेदार से लेना बताया।
फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की भी पड़ताल की जा रही है।







