गाजियाबाद – गाजियाबाद में पुलिस और बदमाशों के बीच देर रात हुई मुठभेड़ में एक कुख्यात अपराधी को दबोच लिया गया। कमिश्नरेट पुलिस की स्वाट टीम और मोदीनगर थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में लंबे समय से फरार चल रहा इनामी बदमाश जलवीर उर्फ जल्लू आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि जल्लू अपने एक साथी के साथ कार में सवार होकर मोदीनगर से भोजपुर की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने गदाना गांव के पास घेराबंदी कर चेकिंग अभियान शुरू किया। जैसे ही संदिग्ध वाहन को रुकने का इशारा किया गया, कार सवार बदमाशों ने भागने की कोशिश की।
पीछा करने पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी मोर्चा संभाला। मुठभेड़ के दौरान जलवीर के पैर में गोली लग गई, जिससे वह मौके पर ही घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे तत्काल हिरासत में लेकर इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया।
इस दौरान पुलिस ने उसके साथी जतिन शर्मा को भी दबोच लिया। जांच में सामने आया कि जलवीर पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था और वह कई गंभीर आपराधिक मामलों में वांछित था। पूछताछ में उसने हाल ही में एक हिस्ट्रीशीटर पर हुई फायरिंग की घटना में अपनी संलिप्तता भी कबूल की है।
मौके से पुलिस ने एक अवैध पिस्टल, कारतूस, वारदात में इस्तेमाल की गई कार और मोबाइल फोन बरामद किए हैं। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर उनके आपराधिक नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है।







