नई दिल्ली- पूर्वी दिल्ली के प्रीत विहार इलाके में एक क्लब के बाहर देर रात विवाद के बाद गोली चलने की घटना सामने आई है। इस घटना में एक युवक घायल हो गया, जिसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, घायल युवक अपने दोस्तों के साथ क्लब में मौजूद था, जहां किसी बात को लेकर दूसरे समूह से कहासुनी हो गई। मामला बढ़ने पर दोनों पक्ष क्लब से बाहर आ गए और वहीं विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।
इसी दौरान बाहर खड़े एक व्यक्ति ने अचानक फायरिंग कर दी, जिसकी गोली युवक के पैर में जा लगी। गोली लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और हमलावर वहां से फरार हो गए।
घायल युवक को उसके साथियों ने तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। शुरुआती पूछताछ में युवक ने हमलावर की पहचान से इनकार किया है।
पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। साथ ही संदिग्धों की पहचान कर उन्हें पकड़ने के लिए टीमों का गठन किया गया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।







