नई दिल्ली– दिल्ली में पुलिस की वर्दी को शर्मसार करने वाला एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। मध्य जिले के देशबंधु गुप्ता रोड थाने में तैनात एक सब-इंस्पेक्टर और एक सिपाही ने मिलकर उत्तर प्रदेश से आए एक ज्वेलर को अपना शिकार बनाया। आरोप है कि दोनों ने खुद को कानून का रक्षक बताते हुए कारोबारी को फर्जी केस में फंसाने की धमकी दी और लाखों रुपये ऐंठ लिए।
जांच में खुलासा हुआ कि पीड़ित जालौन निवासी व्यापारी दिल्ली के करोल बाग इलाके में खरीदारी के सिलसिले में आया था। इसी दौरान आरोपियों ने उसे निशाना बनाया। दोनों पुलिसकर्मी जबरन उसकी कार में घुस गए और उसके पास मौजूद नकदी को नकली बताकर उसे डराने लगे। गिरफ्तारी का भय दिखाकर उन्होंने पीड़ित से करीब 8.40 लाख रुपये ले लिए और मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद पीड़ित ने हिम्मत जुटाकर उच्च अधिकारियों से शिकायत की। मामले की जांच कराई गई तो आरोप सही पाए गए। इसके बाद दोनों आरोपी पुलिसकर्मियों को तुरंत निलंबित कर गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने दोनों के खिलाफ लूट और जबरन वसूली का केस दर्ज कर उन्हें अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। अधिकारियों का कहना है कि मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी और इस घटना में शामिल अन्य लोगों की भी तलाश जारी है।







