मुजफ्फरनगर- मुजफ्फरनगर के सिविल लाइन क्षेत्र में एक ही परिवार के चार लोगों की संदिग्ध मौत से हड़कंप मच गया। सरवट इलाके में स्थित एक घर के अंदर पति, पत्नी और दो मासूम बच्चों के शव मिलने से पूरे मोहल्ले में सनसनी फैल गई।
बताया जा रहा है कि मंगलवार सुबह जब घर का दरवाजा काफी देर तक नहीं खुला तो परिजनों को शक हुआ। सूचना मिलने पर पहुंचे रिश्तेदारों ने अंदर का दृश्य देखा तो सन्न रह गए और तुरंत पुलिस को जानकारी दी।
पुलिस जब मौके पर पहुंची तो घर के भीतर अलग-अलग जगहों पर चारों के शव मिले। पुरुष का शव फंदे से लटका हुआ था, जबकि उसकी पत्नी और दोनों छोटे बच्चे मृत अवस्था में कमरे में पड़े मिले। घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया।
पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शुरुआती जांच में मामला संदिग्ध नजर आ रहा है और यह साफ नहीं हो पाया है कि यह आत्महत्या का मामला है या फिर किसी अन्य वजह से मौत हुई है।
फिलहाल पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। परिवार के लोगों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है ताकि इस दर्दनाक घटना के पीछे की असली वजह का पता लगाया जा सके।







