नई दिल्ली – दिल्ली पुलिस की साइबर टीम ने ऑनलाइन धोखाधड़ी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह डिजिटल अरेस्ट, निवेश के झांसे और ट्रेडिंग के नाम पर लोगों को निशाना बनाकर करोड़ों रुपये की ठगी कर रहा था।
जांच के दौरान सामने आया कि गैंग अलग-अलग राज्यों में फैला हुआ था और संगठित तरीके से वारदात को अंजाम देता था। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दिल्ली समेत कई राज्यों में एक साथ छापेमारी कर सभी आरोपियों को पकड़ लिया।
पुलिस के मुताबिक, गिरोह ने अब तक करीब 10 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी को अंजाम दिया है। कार्रवाई के दौरान आरोपियों के पास से नकदी और कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी जब्त किए गए हैं। कुछ रकम कानूनी प्रक्रिया के तहत पीड़ितों को वापस भी दिलाई गई है।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी फर्जी पहचान बनाकर खुद को सरकारी अधिकारी बताते थे और लोगों को डराकर या लालच देकर पैसे ट्रांसफर करवाते थे। कई मामलों में बुजुर्गों को खास तौर पर निशाना बनाया गया।
फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस नेटवर्क का संचालन कहां से हो रहा था और इसमें और कौन-कौन शामिल हैं।







