कानपुर – कानपुर के नजीराबाद थाना क्षेत्र में स्थित एक होटल में काम करने वाली युवती ने सहकर्मी पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पीड़िता का कहना है कि आरोपी ने उसके साथ अभद्रता करते हुए जबरन गलत हरकत करने की कोशिश की।
शिकायत के अनुसार, युवती मूल रूप से असम के सोनितपुर जिले की रहने वाली है और शहर के जीटी रोड स्थित एक होटल में कार्यरत है। उसने बताया कि 19 मार्च की शाम करीब चार बजे वह होटल के एक कमरे में नहाने के बाद कपड़े सुखा रही थी। इसी दौरान वहां पहुंचे एक युवक ने उसे पकड़ लिया और जबरदस्ती करने की कोशिश की।
पीड़िता ने विरोध करते हुए शोर मचाया, जिसके बाद वह किसी तरह वहां से निकलकर सुरक्षा कर्मियों को सूचना देने में सफल रही। घटना के बाद वह सीधे नजीराबाद थाने पहुंची और पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने युवती की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।







