गाजियाबाद – मसूरी थाना क्षेत्र में पुलिस और केंद्रीय एजेंसियों ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए छह लोगों को हिरासत में लिया है। इन सभी पर सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों के जरिए आपत्तिजनक और भड़काऊ सामग्री फैलाने का आरोप है। सुरक्षा एजेंसियां इस मामले को गंभीरता से लेते हुए पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हैं।
अधिकारियों के अनुसार गुरुवार को पुलिस, एटीएस और खुफिया एजेंसियों की टीम ने मसूरी क्षेत्र के नाहल गांव में कार्रवाई की। यहां से शावेज, जुनैद, फरदीन, इकराम, फजलू और जावेद नाम के छह लोगों को पकड़ा गया। सभी से मसूरी थाने में गहन पूछताछ की जा रही है।
बताया जा रहा है कि हाल ही में लोनी में एक यूट्यूबर पर हुए हमले के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई थीं। इसी दौरान जांच के दौरान कुछ संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिली, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई। जांच एजेंसियों को इन लोगों के कुछ संदिग्ध संपर्कों और ऑनलाइन गतिविधियों की भी जानकारी मिली है।
पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने आपस में एक समूह बनाकर सोशल मीडिया और इंटरनेट के जरिए भड़काऊ संदेश साझा किए थे। फिलहाल एजेंसियां उनके मोबाइल फोन, कॉल डिटेल और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही हैं।
स्थिति को देखते हुए नाहल गांव में एहतियात के तौर पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि किसी भी तरह की अफवाह या तनाव की स्थिति पैदा न हो। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।







