कानपुर। कोचिंग पढ़ने के लिए घर से निकले एक नाबालिग छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। पनकी थाना क्षेत्र में रेलवे ट्रैक के पास हुई इस घटना की जानकारी गुरुवार सुबह सामने आने के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। छात्र के पास से मिले सुसाइड नोट में एक नाबालिग द्वारा ब्लैकमेल किए जाने का आरोप लगाया गया है, जिसके आधार पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
मृतक की पहचान काकादेव थाना क्षेत्र के शास्त्री नगर निवासी अनिकेत उर्फ समीर सैनी (17) के रूप में हुई है। अनिकेत विजयनगर स्थित एक निजी स्कूल में हाईस्कूल का छात्र था और क्षेत्र में ही एक शिक्षक से कोचिंग लेता था। परिजनों के अनुसार बुधवार रात करीब नौ बजे वह रोज की तरह कोचिंग जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन निर्धारित समय पर वहां नहीं पहुंचा।
कोचिंग शिक्षक से सूचना मिलने के बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान घर में उसकी बहन के आईपैड के कवर से एक सुसाइड नोट मिला, जिसमें अनिकेत ने इलाके के एक नाबालिग छात्र पर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने और ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया था। नोट पढ़ते ही परिजनों ने तत्काल काकादेव पुलिस को सूचना दी और खोजबीन तेज कर दी गई।
रातभर तलाश के बावजूद अनिकेत का कोई सुराग नहीं लग सका। गुरुवार सुबह परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे, जहां उन्हें जानकारी मिली कि पनकी क्षेत्र में एक नाबालिग की ट्रेन से कटकर मौत हुई है। शव की पहचान अनिकेत के रूप में होते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
परिजनों ने बताया कि जनवरी माह में स्कूल में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान अनिकेत ने एक छात्रा के साथ फोटो खिंचवाया था, जिसे बाद में सोशल मीडिया पर पोस्ट किया गया। आरोप है कि इसी फोटो को लेकर इलाके का एक नाबालिग छात्र छात्रा के परिजनों को दिखाने की धमकी देकर अनिकेत को परेशान कर रहा था।
काकादेव थाना प्रभारी राजेश कुमार शर्मा ने बताया कि परिजनों की तहरीर मिलने पर मामला दर्ज कर लिया जाएगा और सुसाइड नोट समेत सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।







