बरेली: फरीदपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर बदमाशों ने दिनदहाड़े लूट की सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने कार रुकवाकर मां और उसके दो बेटों से ढाई लाख रुपये से भरा बैग छीन लिया। विरोध करने पर आरोपियों ने महिला और उसके एक बेटे के साथ मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया।
घटना फरीदपुर-भुता मार्ग पर ओषड़ गांव के पास हुई। बताया गया कि भुता निवासी डॉक्टर टीआर चक्रवर्ती ने कस्बे में एक प्लॉट खरीदा था, जिसकी रजिस्ट्री कराने उनकी पत्नी सावित्री अपने बेटों आकाश और कुलदीप के साथ कार से फरीदपुर जा रही थीं। कार कुलदीप चला रहा था और बैग में करीब ढाई लाख रुपये रखे थे।
आरोप है कि रास्ते में बदमाशों ने लाठी मारकर कार को जबरन रुकवाया। इसके बाद उन्होंने सावित्री के हाथ से रुपयों से भरा बैग छीनने की कोशिश की। बदमाशों ने मां और बेटे को कार से बाहर खींच लिया। सावित्री ने हिम्मत दिखाते हुए बैग नहीं छोड़ा, लेकिन इस दौरान बैग की चेन खुल गई और कुछ रुपये सड़क पर गिर गए।
जब मां-बेटों ने गिरे हुए रुपये समेटने की कोशिश की तो बदमाशों ने लाठी से हमला कर दिया। मारपीट में सावित्री और उनका बेटा घायल हो गए। घायल होने के बाद बैग उनके हाथ से छूट गया और आरोपी रुपयों से भरा बैग लेकर मौके से फरार हो गए।
घटना के दौरान सड़क पर लोग जुट गए, लेकिन किसी ने हस्तक्षेप करने की हिम्मत नहीं की। इसी बीच किसी राहगीर ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जिसमें एक बदमाश लाठी से मां-बेटे पर हमला करता नजर आ रहा है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
घटना के बाद पीड़ित मां-बेटे खुद कार से फरीदपुर थाने पहुंचे और पुलिस को पूरी जानकारी दी। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चार लोगों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है।







