दिल्ली- दिल्ली के साउथ ईस्ट जिले में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए लूटपाट में शामिल एक शातिर बदमाश को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान 22 वर्षीय सतीश भाटी के रूप में हुई है, जो लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त बताया जा रहा है।
पुलिस टीम को आरोपी की मौजूदगी की सूचना मिलने पर इलाके में घेराबंदी की गई। खुद को घिरा देख बदमाश ने पुलिस दल पर फायरिंग कर दी, हालांकि पुलिस की सतर्कता से कोई हताहत नहीं हुआ। जवाबी कार्रवाई के बाद पुलिस ने उसे काबू कर लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक अवैध पिस्टल, चोरी में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल और छह लूटे गए मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी अपने एक साथी के साथ मिलकर हाल के दिनों में कई इलाकों में मोबाइल छीनने की वारदातों को अंजाम दे चुका है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, 22 जनवरी को पुल प्रहलादपुर, कालकाजी, अमर कॉलोनी और ओखला औद्योगिक क्षेत्र में हुई चार लूट की घटनाओं में आरोपी की भूमिका पाई गई है। इन मामलों में आगे की जांच जारी है और उसके फरार साथी की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और गिरफ्तारी से इलाके में लूटपाट की घटनाओं पर अंकुश लगेगा।







