साहिबाबाद – एक बार फिर विवाद सामने आया है। हिंदू रक्षा दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष पिंकी चौधरी ने हाल ही में जेल से रिहा होने के बाद एक नया वीडियो जारी कर शालीमार गार्डन थाने में तैनात एक उपनिरीक्षक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया है कि संबंधित पुलिसकर्मी ने संगठन से जुड़ी एक महिला और उसकी नाबालिग बेटी के साथ मारपीट की, साथ ही मोबाइल फोन पर आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया।
वीडियो संदेश में पिंकी चौधरी का कहना है कि आरोपी दरोगा कथित तौर पर महिला के घर गया और वहां उसके साथ बदसलूकी की। आरोप है कि इस दौरान 12 वर्षीय बच्ची के साथ भी मारपीट की गई। उन्होंने यह भी दावा किया कि पुलिसकर्मी ने निजी तौर पर महिला से अभद्र टिप्पणियां कीं।
इसके अलावा संगठन अध्यक्ष ने दरोगा पर रिश्वत लेने का भी आरोप लगाया है। उनका कहना है कि उनके पास एक वीडियो मौजूद है, जिसमें संबंधित पुलिसकर्मी कथित तौर पर रिश्वत लेते हुए दिखाई दे रहा है, जिसे जल्द सार्वजनिक किया जाएगा। पिंकी चौधरी ने मामले में तत्काल कार्रवाई और आरोपी पुलिसकर्मी के निलंबन की मांग की है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस मामले में पुलिस प्रशासन ने सख्त कदम नहीं उठाए तो संगठन आंदोलन करेगा। वहीं, इस पूरे मामले पर एसीपी शालीमार गार्डन अतुल कुमार सिंह ने बताया कि लगाए गए आरोपों और वायरल वीडियो की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।







