ग्रेटर नोएडा- ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक-तीन थाना क्षेत्र में पुलिस ने देर रात कार्रवाई करते हुए चोरी की वारदातों में शामिल एक कुख्यात आरोपी को मुठभेड़ के बाद दबोच लिया। यह कार्रवाई कुलेसरा से लखनावली की ओर जाने वाले पुस्ता रोड के पास की गई, जहां चेकिंग के दौरान संदिग्ध गतिविधि नजर आई।
पुलिस के मुताबिक, देर रात वाहन जांच के दौरान एक बाइक सवार युवक को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वह भागने लगा। जल्दबाजी में उसकी बाइक फिसल गई और खुद को घिरा देख आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा।
घायल आरोपी की पहचान इमरान के रूप में हुई है, जो मूल रूप से शाहजहांपुर का रहने वाला है और फिलहाल हबीबपुर गांव में रह रहा था। उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से अवैध तमंचा, कारतूस, मोबाइल फोन, लोहे की छेनी जैसी रॉड और चोरी की बाइक बरामद की गई, जिस पर फर्जी नंबर प्लेट लगी हुई थी।
एडीसीपी संतोष शुक्ला ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले से चोरी के आधा दर्जन मामले दर्ज हैं। जांच में यह भी सामने आया कि 25 नवंबर की रात उसने कुलेसरा इलाके में एक बंद मकान को निशाना बनाकर नकदी और जेवरात चोरी किए थे।
पुलिस का कहना है कि आरोपी सुनसान और बंद घरों की रेकी कर वारदात को अंजाम देता था और चोरी के सामान को बेचकर ऐश करता था। फिलहाल पुलिस उसके साथियों और संभावित आपराधिक नेटवर्क की तलाश में जुटी हुई है।







