नई दिल्ली- दिल्ली के शास्त्री पार्क क्षेत्र में एक युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। घायल अवस्था में युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस के अनुसार, 30 और 31 दिसंबर की मध्यरात्रि को शास्त्री पार्क थाना क्षेत्र स्थित जेपीसी अस्पताल से एक व्यक्ति के चाकू लगने की सूचना मिली थी। अस्पताल पहुंचने पर मृतक की पहचान वसीम के रूप में हुई, जो शास्त्री पार्क स्थित बुलंद मस्जिद इलाके का रहने वाला था और उसकी उम्र करीब 33 वर्ष बताई गई है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वसीम पर डीडीए पार्क के पीछे किसी अज्ञात व्यक्ति ने चाकू से हमला किया था। घटना की सूचना मिलते ही फोरेंसिक टीम को बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए हैं।
शास्त्री पार्क थाना पुलिस ने मामले में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कई टीमों का गठन किया गया है। फिलहाल पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और मामले की गहन जांच जारी है।







