बहादुरगढ़। जिम में हुई प्रॉपर्टी डीलर की सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। करीब एक माह से फरार चल रहे आरोपी सुनील जोवल को पुलिस ने बहादुरगढ़ से दबोच लिया है। आरोपी पर जिम के भीतर हथियारों से हमला कर हत्या करने का आरोप है।
पुलिस के मुताबिक, 24 नवंबर को लाइनपार क्षेत्र स्थित जोवल हेल्थ क्लब में प्रॉपर्टी डीलर और फाइनेंसर कर्मजीत (निवासी जाखोदा) की निर्मम हत्या कर दी गई थी। जांच में सामने आया है कि आरोपी सुनील जोवल ने हथौड़े और लोहे की प्लेट से हमला कर वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि हत्या से ठीक एक दिन पहले जिम में लगे सीसीटीवी कैमरों को बंद कर दिया गया था, जिससे यह वारदात पूर्व नियोजित प्रतीत होती है। पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे पुरानी रंजिश और आपसी विवाद मुख्य कारण बताया जा रहा है।
पुलिस ने आरोपी को बहादुरगढ़ क्षेत्र से गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। आरोपी सुनील जोवल के बारे में बताया जा रहा है कि वह एक रिटायर्ड आईएएस अधिकारी का भतीजा है और पूर्व में बहादुरगढ़ नगर परिषद का चुनाव भी लड़ चुका है।
फिलहाल पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है और हत्या से जुड़े अन्य पहलुओं, साजिश और संभावित सहयोगियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।







