बहराइच। उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में पुलिस और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में एक कुख्यात अपराधी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया है। आरोपी पर अलग-अलग जनपदों में गंभीर धाराओं के तहत 16 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी नेपाल भागने की कोशिश में था, तभी यह कार्रवाई की गई।
रामगांव थाना पुलिस और स्वाट टीम इलाके में संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान केटीएम बाइक पर सवार एक युवक को रोकने का प्रयास किया गया। खुद को पुलिस से घिरता देख आरोपी ने जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
जवाबी कार्रवाई में आरोपी घायल
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें बदमाश के बाएं पैर में गोली लग गई। घायल अवस्था में उसे मौके पर ही काबू कर लिया गया। पकड़े गए आरोपी की पहचान अर्जुन सिंह पुत्र संजय सिंह, निवासी हल्दी रामपुर थाना बलिया के रूप में हुई है, जो फिलहाल श्रावस्ती जिले के लखैया क्षेत्र में रह रहा था।
हथियार और बाइक बरामद
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से एक 32 बोर की पिस्टल, दो खोखा कारतूस, तीन जिंदा कारतूस और एक केटीएम मोटरसाइकिल बरामद की है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी विभिन्न जिलों में चोरी, लूट और आर्म्स एक्ट समेत कुल 16 मामलों में वांछित है।
अस्पताल में भर्ती, कार्रवाई जारी
घायल आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में जिला अस्पताल भेजा गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है। रामगांव थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी चोरी की बाइक और अवैध हथियार के साथ नेपाल फरार होने की फिराक में था। उसके आपराधिक इतिहास की विस्तृत जांच की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई प्रचलित है।







