उत्तर प्रदेश। वाराणसी के लोहता थाना क्षेत्र के बनकट गांव में मंगलवार सुबह एक 30 वर्षीय युवक का शव फंदे से लटकता मिला। प्रारंभिक जांच में यह मामला पारिवारिक विवाद और कथित प्रताड़ना के चलते की गई आत्महत्या का बताया जा रहा है। मृतक की मां की शिकायत पर पुलिस ने पत्नी, उसके प्रेमी और सास के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज किया है।
सूचना मिलते ही चौकी इंचार्ज अकेलवा और थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य भी एकत्र किए। मृतक राहुल मिश्रा अपने माता-पिता की इकलौती संतान था।
परिवार का आरोप—पत्नी और उसके प्रेमी ने दी थी जान से मारने की धमकी
बताया जा रहा है कि राहुल ने करीब पाँच वर्ष पहले लखनपुर की रहने वाली युवती से प्रेम विवाह किया था। मृतक की मां रानी देवी ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि उनकी बहू का शुभम सिंह उर्फ ‘डेंजर’ नामक युवक से अवैध संबंध था। कई बार राहुल को धमकियां दी जाती थीं कि वह पत्नी को तलाक दे दे, अन्यथा गंभीर अंजाम भुगतना पड़ेगा।
8 दिसंबर को राहुल पत्नी और बेटे से मिलने ससुराल लखनपुर गया था, लेकिन पत्नी उसके साथ घर लौटने के लिए तैयार नहीं हुई। इसके बाद, परिवार के अनुसार, पत्नी और उसके प्रेमी ने राहुल पर तलाक का दबाव बढ़ा दिया।
मरने से पहले बनाया वीडियो, तीन लोगों को ठहराया जिम्मेदार
परिजनों ने बताया कि आत्महत्या से ठीक पहले राहुल ने एक वीडियो रिकॉर्ड किया, जिसमें उसने पत्नी, उसके प्रेमी और सास को आत्महत्या का जिम्मेदार ठहराया। वीडियो में वह कहता है कि पत्नी और प्रेमी के संबंध के कारण वह मानसिक प्रताड़ना झेल रहा था।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
थाना प्रभारी राजबहादुर मौर्य ने बताया कि रानी देवी की तहरीर के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और सभी पहलुओं को खंगाल रही है।







