अकेली रह रही 44 वर्षीय महिला की बांके से वार कर हत्या, पुलिस ने शुरू की जांच
पीलीभीत। पीलीभीत के माधोटांडा थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक महिला की हत्या की घटना से पूरा क्षेत्र दहशत में आ गया। घर में अकेली मौजूद 44 वर्षीय मंजीत कौर की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है, जबकि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें तैनात कर जांच तेज कर दी गई है।
घर में अकेली रहती थी महिला, पति की मौत के बाद आया था आरोपी संपर्क में
जानकारी के अनुसार पुरैना गांव की रहने वाली मंजीत कौर पति सुवेग सिंह की मृत्यु के बाद अकेली रहती थी। उनके चार बच्चे हैं—तीन बेटे और एक बेटी। बेटी की शादी हो चुकी है, जबकि दो बड़े बेटे रोजगार की तलाश में कानपुर में रहते हैं और सबसे छोटा बेटा अपनी बहन के साथ पंजाब में उसके ससुराल में है।
गांववालों के मुताबिक, पति की मौत के बाद तीन साल पहले मंजीत की जान-पहचान नलडेंगा निवासी मुकेश से हुई थी। दोनों के बीच लंबे समय से संबंधों को लेकर विवाद की बात सामने आ रही है।
सुबह घर पहुंचा आरोपी, हथियार से सिर पर वार कर की हत्या
रविवार सुबह करीब 8 बजे मुकेश मंजीत के घर पहुंचा। बात-बात में विवाद बढ़ा और आरोप है कि मुकेश ने धारदार हथियार (बांका) से मंजीत के सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने के चलते महिला की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी वहां से फरार हो गया।
पुलिस ने शुरू की जांच, आरोपी की तलाश में दबिशें
घटना की जानकारी मिलते ही सीओ प्रतीक दहिया और थाना प्रभारी अशोक पाल सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए। पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे व्यक्तिगत विवाद की आशंका है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें सक्रिय कर दी गई हैं।







