अयोध्या। अयोध्या में हनुमानगढ़ी से जुड़े संत महेशदास उर्फ स्वामी महेश योगी के आश्रम में आधी रात अचानक लगी आग से हड़कंप मच गया। गुरुवार देर रात लगभग 2:45 बजे हुई इस घटना को लेकर आशंका जताई जा रही है कि किसी ने जानबूझकर आश्रम को निशाना बनाया। बताया जा रहा है कि आग ज्वलनशील पदार्थ का इस्तेमाल कर लगाई गई और आश्रम के पिछले हिस्से की खिड़की काटकर इस वारदात को अंजाम दिया गया। फिलहाल पुलिस ने मामले की गंभीरता देखते हुए जांच तेज कर दी है।
अयोध्या के गोविंदगढ़ क्षेत्र स्थित हनुमानगढ़ी पीठ के संत महेशदास उर्फ स्वामी महेश योगी के आश्रम में गुरुवार देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। घटना के समय संत आश्रम में अकेले थे। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने आश्रम के पिछले हिस्से की लोहे की जाली काटकर अंदर किसी ज्वलनशील पदार्थ से भरा आग का गोला फेंका, जिससे कमरे में तेज लपटें उठने लगीं।
महेश योगी के अनुसार, आग लगते ही आश्रम में पेट्रोल जैसी तीखी गंध फैल गई, जिससे यह आशंका और मजबूत हो गई कि घटना पूर्व नियोजित तरीके से की गई। गनीमत रही कि समय रहते आग को काबू में कर लिया गया, जिसके चलते कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ।
सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान कमरे के पीछे से कटी हुई ग्रिल, पेट्रोल की गंध और ज्वलनशील पदार्थ के निशान मिले हैं। टीम अब आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज, कॉल रिकॉर्ड और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है।
संत महेश योगी ने घटना की निष्पक्ष और गहराई से जांच कर दोषियों की पहचान करने की मांग की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना को गंभीरता से लेते हुए कई पहलुओं पर जांच की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।







